भोपाल : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आने वाले दिनों में राज्य के विभिन्न गेहूं उपार्जन केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे सीधे किसानों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करेंगे। खास बात यह है कि निरीक्षण के लिए उनका हेलीकॉप्टर किसी भी समय और किसी भी स्थान पर उतर सकता है, जिससे प्रशासनिक सतर्कता भी बढ़ गई है।
उपार्जन व्यवस्था का होगा जमीनी परीक्षण
मुख्यमंत्री का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन द्वारा तय सभी सुविधाएं किसानों तक सही तरीके से पहुंच रही हैं या नहीं। निरीक्षण के दौरान पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था, तौल प्रक्रिया और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
गेहूं खरीदी और स्लॉट बुकिंग की तारीख बढ़ी
राज्य सरकार ने किसानों को राहत देते हुए गेहूं उपार्जन और स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 9 मई से बढ़ाकर 23 मई 2026 कर दी है। इससे उन किसानों को अतिरिक्त समय मिलेगा जो किसी कारणवश पहले अपनी उपज नहीं बेच पाए थे।
यंहा भी देखें : gehu slot booking 2026-27 mp | mp e uparjan गेहूं स्लॉट बुकिंग लिंक
किसानों के लिए बढ़ाई गई सुविधाएं
उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं की गई हैं:
- पीने का पानी और छायादार बैठने की व्यवस्था
- किसी भी जिले के उपार्जन केंद्र पर उपज बेचने की अनुमति
- तौल कांटों की संख्या बढ़ाकर 6 की गई, जरूरत अनुसार और बढ़ाने की छूट
- बारदाना, हम्माल, सिलाई मशीन, कंप्यूटर और इंटरनेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध
- गुणवत्ता परीक्षण उपकरण और साफ-सफाई के साधन केंद्रों पर मौजूद
FAQ मानकों में राहत
सरकार ने गेहूं की गुणवत्ता (FAQ) मानकों में भी आंशिक छूट दी है:
- चमक विहीन गेहूं की सीमा 50% तक
- सूकड़े दाने 10% तक
- क्षतिग्रस्त दाने 6% तक स्वीकार
इससे अधिक किसानों की उपज खरीदी में शामिल हो सकेगी।
यह भी देखें : webgis 2.0 mp bhulekh : खसरा, खतौनी और भू-नक्शा देखें
स्लॉट बुकिंग क्षमता में बड़ा इजाफा
अब प्रत्येक उपार्जन केंद्र पर प्रतिदिन गेहूं विक्रय की स्लॉट बुकिंग क्षमता 1000 क्विंटल से बढ़ाकर 2250 क्विंटल कर दी गई है। जिला प्रशासन इसे बढ़ाकर 3000 क्विंटल प्रति केंद्र तक कर सकता है।
समर्थन मूल्य और बोनस
राज्य में किसानों से गेहूं की खरीदी ₹2585 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और ₹40 प्रति क्विंटल बोनस के साथ कुल ₹2625 प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।
शनिवार को भी जारी रहेगी खरीदी
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब प्रत्येक शनिवार को भी स्लॉट बुकिंग और उपार्जन कार्य जारी रहेगा।
अब तक की खरीदी का आंकड़ा
- 9.83 लाख किसानों ने 60.84 लाख मीट्रिक टन गेहूं बेचने के लिए स्लॉट बुक किए
- 5.08 लाख किसानों से 22.70 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी
- किसानों को ₹3575.11 करोड़ का भुगतान
पिछले वर्ष 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हुई थी, जबकि इस वर्ष सरकार ने 100 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा है।
किसानों तक पहुंच रही योजनाओं की जानकारी
सरकार की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के लिए उपार्जन केंद्रों पर पोस्टर और बैनर भी लगाए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान इनका लाभ उठा सकें।










